भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एमडी पाउडर तस्करी का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10.49 ग्राम एमडी पाउडर और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 14 हजार 700 रुपए बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार शहर में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच की टीम को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों की तलाश में लगाया गया था।
इस दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एमपी नगर जोन-01 में बाहुबली सेल के पास खाली मैदान में दो युवक काले रंग की एक्टिवा पर बैठकर एमडी पाउडर बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास एक पारदर्शी पन्नी में क्रिस्टलनुमा ब्राउन रंग का पदार्थ मिला। मौके पर तौल करने पर उसका वजन 10.49 ग्राम पाया गया। शुरुआती जांच और अनुभव के आधार पर पदार्थ एमडी पाउडर होना पाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयान उर्फ अरबाज (25 वर्ष), निवासी बुधवारा क्षेत्र और अनस खान (18 वर्ष), निवासी शाहजहानाबाद के रूप में हुई है। अयान के खिलाफ पहले से मारपीट का एक मामला दर्ज है। दोनों के खिलाफ धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एमडी पाउडर कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।




