मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन हल्की बारिश का दौर रहेगा। रविवार सुबह भोपाल के बैरसिया की ब्रह्म नदी में बुजुर्ग और उनकी पोती बह गए। खजुरिया रामदास गांव में करीब 9 बजे बाबूलाल साहू (70), अपनी पोती चिंको (12) और एक पोते के साथ नदी में तर्पण करने गए थे।
इसी दौरान पोती बहने लगी तो बाबूलाल उसे बचाने पानी में कूदे। लेकिन तेज बहाव में फंसकर वे और पोती दोनों बह गए। करीब साढ़े 3 घंटे के बाद घटनास्थल से आधा किमी दूर बुजुर्ग का शव मिला। एसडीआरएफ की टीम बच्ची को तलाश रही है।
उधर, छतरपुर में अंकित पिता तुलसीदास पटेल (15) की थरा बांध में डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। इसी दौरान नहाते समय उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में चला गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बराजखेरा गांव का रहने वाला अंकित परिवार का इकलौता बेटा था।
रायसेन में सम्राट अशोक सागर हलाली डैम के दो गेट आज भी खुले हैं। इनको 0.75 मीटर तक खोलकर 112.97 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है।
22 जिलों में बारिश का कोटा फुल मौसम विभाग के अनुसार, एमपी में अब तक 40.6 इंच बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 111 प्रतिशत है। अब तक 32.8 इंच बारिश होनी थी। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। पिछले मानसूनी सीजन में औसत 44 इंच बारिश हुई थी।
प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का कोटा फुल हो गया है।




