रतलाम/आलोट:
त्रिवेंद्रम से दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) जा रही गाड़ी संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। रतलाम जिले में आलोट के पास लूणी रीछा और विक्रमगढ़ स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन के एसी कोच बी-1 में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पीछे लगी गार्ड वैन (लगेज बोगी) को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय बी-1 कोच में 68 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे स्टाफ की तत्परता से महज 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
राहत कार्य और रूट अपडेट
- प्रभावित कोच अलग किए: रेलवे टीम ने तुरंत ट्रेन की बिजली सप्लाई बंद की और दोनों जलते हुए कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया। स्थानीय फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
- यातायात बहाल: हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई मुख्य रेलमार्ग कुछ देर के लिए ठप हो गया था, जिसे बाद में सिंगल लाइन वर्किंग के जरिए शुरू कराया गया।
- हेल्प डेस्क शुरू: यात्रियों और उनके परिजनों की मदद के लिए रतलाम, नागदा और उज्जैन स्टेशनों पर इमरजेंसी हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां से जानकारी ली जा सकती है।




