भोपाल। राजधानी की निशातपुरा थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एनडीपीएस (मादक पदार्थ) एक्ट के मामले में पिछले तीन महीनों से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश हबीब हसमत अली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए ईरानी डेरे में छिपा हुआ था, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
फरवरी से था फरार
पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी हबीब, कुख्यात बदमाश राजू ईरानी का भाई है। वह फरवरी से ही एनडीपीएस के एक मामले में फरार चल रहा था। इस मामले में उसकी पत्नी नाजमा अली मुख्य आरोपी है, जबकि हबीब इस अवैध धंधे में उसका साथ देता था। आरोपी के खिलाफ पहले से एक कोर्ट वारंट भी लंबित था।
घेराबंदी कर दबोचा, पथराव की खबर को पुलिस ने नकारा
निशातपुरा पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में देखा गया है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और पीछा करते हुए ईरानी डेरे के पास से उसे हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में पथराव होने की अफवाह भी उड़ी, जिसे पुलिस अधिकारियों ने सिरे से खारिज कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से की गई है।
कोर्ट ने भेजा जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी हबीब को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



