इंदौर:
कनाड़िया इलाके में ऑनलाइन कमाई के चक्कर में एक निजी कंपनी के कर्मचारी मोहम्मद अनवर बक्श ठगी का शिकार हो गए। आरोपियों ने वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए टास्क पूरे करवाने और ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उनसे 1.19 लाख रुपए से अधिक ठग लिए।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम:
- वॉट्सऐप ग्रुप से शुरुआत: 5 अगस्त को पीड़ित को ‘DDAC2-12’ नामक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। खुद को ‘काव्या’ (HR) बताने वाली युवती ने ‘ब्रेन वर्क इंडिया’ प्रोग्राम के जरिए कमाई का लालच दिया।
- शुरुआत में दिया रिटर्न: आरोपियों ने पहले छोटे-छोटे रेटिंग टास्क पूरे करवाए और 2 हजार रुपए जमा करने पर 2800 रुपए वापस देकर पीड़ित का भरोसा जीत लिया।
- बड़ा दांव और ठगी: इसके बाद ट्रेडिंग में मुनाफा दिखाने का झांसा देकर धीरे-धीरे कुल 1.19 लाख रुपए से ज्यादा जमा करवा लिए गए।
जब मांगे और पैसे, तब हुआ खुलासा:
जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस निकालनी चाही, तो अमित खुराना नामक आरोपी ने कहा कि बिना और ट्रेडिंग किए पैसे नहीं निकलेंगे और रकम ‘सस्पेंशन अकाउंट’ में चली जाएगी। दोस्तों से चर्चा करने पर अनवर को ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर कनाड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान वॉट्सऐप या टेलीग्राम ग्रुप पर मिलने वाले लुभावने ऑफर्स और ट्रेडिंग के झांसे से दूर रहें।




