भोपाल। हाई कोर्ट के आदेश के पालन में नगर निगम और जिला प्रशासन ने नारियल खेड़ा क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर करीब 50 से 60 मकानों और निर्माणों को बुलडोजर की मदद से ढहाया जा रहा है। विरोध की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में बदल दिया गया।
दूसरी ओर, पिछले 40 सालों से यहां रह रहे प्रभावित परिवारों ने तेज बारिश और छोटे बच्चों की दुहाई देते हुए प्रशासन से कुछ दिनों की मोहलत और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की थी। हालांकि, अदालती आदेश का हवाला देते हुए प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी, जिसके चलते बारिश के इस मौसम में दर्जनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।




