छतरपुर: जिले के बंसिया थाना क्षेत्र के नेहरा ग्राम पंचायत अंतर्गत मोती पुरवा गांव में पारिवारिक कलह के चलते दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र शंका के विवाद में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
मृतका की पहचान मोती पुरवा निवासी सियाप्यारी (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि घायल पति राजा बाबू केवट (30 वर्ष) का ग्वालियर के अस्पताल में पुलिस निगरानी में इलाज चल रहा है।
घटना से जुड़े मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- ससुराल से लाया था घर: राजा बाबू करीब 13 साल पहले पन्ना जिले के मुहाना गांव निवासी सियाप्यारी से शादी हुई थी। रविवार को ही वह पत्नी को ससुराल से विदा कराकर अपने गांव लाया था, जिसके बाद रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
- गंभीर हालत में मिले पति-पत्नी: घर से आवाजें आने पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को गंभीर हालत में देखा। परिजन राजा बाबू को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर छतरपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
- कागज पर लिखकर रखा पक्ष: गर्दन में चोट होने के कारण राजा बाबू बोल नहीं पा रहा है। उसने पेन-पेपर मांगकर लिखा कि उसे पत्नी के चरित्र पर शंका थी और आरोप लगाया कि बच्चे उसके नहीं हैं। पुलिस उसके इस लिखित बयान को आधार बनाकर मामले की जांच कर रही है।
- उत्तराखंड में करते थे मजदूरी: एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि यह दंपति लेबर के रूप में देहरादून में काम करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।



