ईटखेड़ी थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 3,000 रुपये के इनामी और हिस्ट्रीशीटर वारंटी रघुवीर सिंह दांगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक षड्यंत्र के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पिछले कई सालों से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और भेष बदलकर रह रहा था। उसके खिलाफ अदालत के विभिन्न मामलों में 3 स्थायी वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट जारी थे। भोपाल देहात पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 3,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष सप्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम खामखेड़ा में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ भोपाल और सीहोर के विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।





