इंदौर | शहर की हीरानगर पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रह रहे एक नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का वीजा करीब तीन साल पहले ही खत्म हो चुका था, फिर भी वह पुलिस की नजरों से बचकर शहर में ही फरारी काट रहा था।
गर्लफ्रेंड से मिलने आया और पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान डॉन पेड्रो चार्लिस के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नाइजीरिया का निवासी है और लंबे समय से इंदौर की एक बीपीओ कंपनी में काम कर रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि पेड्रो अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने हीरानगर इलाके में आने वाला है। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
अधिकारियों की नाक के नीचे बना रखा था ठिकाना
हैरानी की बात यह है कि पेड्रो लसूड़िया क्षेत्र की उसी पॉश कॉलोनी में किराए से रह रहा था, जहाँ कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बंगले हैं। उसका वीजा 2023 में समाप्त हो गया था। विभाग की सूचना के बाद लसूड़िया पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदल रहा था।
बड़ी लापरवाही: आरोपी ने पूछताछ में कुबूल किया कि वह तीन साल से बिना वैध दस्तावेजों के रह रहा था। अब पुलिस उस मकान मालिक पर भी शिकंजा कस रही है, जिसने बिना वेरिफिकेशन के उसे कमरा किराए पर दिया था।




