भोपाल। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, राहुल नगर निवासी बाबूलाल सूर्यवंशी (60) जेके अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। बुधवार देर रात जब वे अपनी ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रहे थे, तभी राहुल नगर के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाबूलाल के सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
कमला नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों की मदद से आरोपी बाइक सवार की तलाश कर रही है।




