भोपाल के खजूरी सड़क पर जिंदा जलाकर युवक की हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। वारदात को दो युवकों ने अंजाम दिया। घायल को हमीदिया हास्पिटल के बर्न वार्ड में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक रवि धनगर (27) लखापुरा में रहता है। 13 मई की रात करीब 12 बजे फिल्म देखकर घर लौटे छोटे भाई आशीष ने रवि को बताया कि रास्ते में सूरज ढाबे के पास प्रवीण और सौरभ मिले थे। शराब के नशे में धुत दोनों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की और बाइक की चाबी छीन ली।
आरोपियों को समझाने पहुंचा था युवक
भाई के साथ हुई मारपीट का सुनते ही रवि रात में ही सूरज ढाबे के पास पहुंचा। वह दोनों आरोपियों को समझाइश देने की नीयत से गया था। यहां आरोपियों से बहस के बाद प्रवीण ने प्लास्टिक की बोतल में भरा पेट्रोल रवि पर डालकर आग लगा दी।
आग बुझाने में भाई के भी हाथ झुलसे
आग लगते ही रवि बुरी तरह चिल्लाया और उसने अपनी शर्ट उतार दी। साथ आए भाई ने जैसे-तैसे आग बुझाई। हालांकि इस दौरान भाई के भी हाथ जल गए। इसी बीच आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल रवि के बयान दर्ज किए। आरोपी और फरियादी दोनों पक्ष पूर्व परिचित बताए जा रहे हैं।




