भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके में रहने वाले बैंककर्मी ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। शनिवार सुबह बॉडी पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकी मिली है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हिमांशु रायकवार पिता सुनील कुमार रायकवार (28) रेजीमेंट रोड टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र का रहने वाला था। शनिवार सुबह परिजनों ने घर के पिछले हिस्से में मूंगे के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की। बॉडी को पीएम के लिए रवाना किया। मृतक के कपड़ों की तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है। जिसकी जांच कराई जा रही है।
बैंक में जॉब करता था
मृतक एक सरकारी बैंक में आउटसोर्स कर्मचारी था और प्यून की नौकरी करता था। वह मूल रूप से इटारसी का रहने वाला था। बीते पांच सालों से भोपाल में अपनी मौसी के घर रह रहा था। परिजनों ने पुलिस को आत्महत्या के लिए कोई ठोस कारण नहीं बताया। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल पर मामले की जांच की जा रही है।




