राजधानी में रूह कंपा देने वाली वारदात; नशीली चाय पिलाकर किया दुष्कर्म, धर्म बदलने का भी बनाया दबाव
भोपाल | नवाबी शहर भोपाल के बागसेवनिया इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक सोची-समझी साजिश के तहत युवतियों को फंसाकर उनके साथ गैंगरेप और धर्म परिवर्तन के दबाव का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़ की एक ब्यूटीशियन और भोपाल की एक अन्य युवती की शिकायत पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।
दोस्ती के जाल में फंसाकर किया शिकार
छत्तीसगढ़ की रहने वाली 30 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात दिसंबर 2024 में एक पार्टी के दौरान एक युवती से हुई थी। बाद में वह अमरीन उर्फ माहिरा नाम की महिला के साथ रहने लगी। पीड़िता का आरोप है कि अमरीन ने पहले उसकी सहेली का धर्म परिवर्तन कराकर अपने भाई से निकाह कराया और फिर उस पर भी धर्म बदलने का दबाव बनाने लगी।
होटल से लेकर दूसरे राज्यों तक दरिंदगी
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर कई बार हवस का शिकार बनाया:
- अगस्त 2025: चंदन यादव नामक आरोपी ने धमकाकर रेप किया।
- नवंबर 2025: अमरीन के भाई बिलाल ने नशीली चाय पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया।
- दिसंबर 2025: अमरीन उसे काम के बहाने अहमदाबाद ले गई, जहाँ यासिर नामक युवक ने उसके साथ गलत काम किया। यही नहीं, पीड़िता को छोटे कपड़े पहनकर पब और लाउंज में अनजान लोगों से मिलने के लिए भी मजबूर किया जाता था।
सोशल मीडिया ने खोला राज, एक और पीड़िता आई सामने
जनवरी 2026 में पीड़िता डर के मारे छत्तीसगढ़ भाग गई थी। वहाँ सोशल मीडिया के जरिए उसे पता चला कि भोपाल की एक और युवती इन्हीं लोगों का शिकार हुई है। इसके बाद दोनों युवतियों ने हिम्मत जुटाई और बागसेवनिया थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई।
दूसरी पीड़िता, जो वेटर का काम करती है, उसने बताया कि अमरीन ने उसे अच्छी नौकरी का झांसा देकर घर पर रखा था। वहां चंदन, चानू और यासिर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया।
पुलिस का पक्ष: “मामला बेहद गंभीर है। आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अवैध धर्मांतरण की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।”




