भोपाल के छोला मंदिर इलाके में भाजपा कार्यकर्ता के साथ ठगी का मामला सामने आया है। वारदात को उसके दोस्त ने अंजाम दिया। आरोपी ने फोन पे से 2.31 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
टीआई सुरेश चंद्र नागर के मुताबिक हनुमान मंदिर के पास रहने वाले भाजपा कार्यकर्ता नरेश श्रीवास बूथ अध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस को लिखित में आवेदन दिया था कि तरूण कुशवाहा उनका दोस्त है, जो टेंट हाउस का संचालक है। जुलाई 2024 में उसके दोस्त का बैंक में खाता खुलवाया था और मोबाइल पर फोन पे भी चालू किया था।
झांसा देकर अपने खाते में ट्रांसफर की रकम
इस दौरान आरोपी युवक ने झांसा देकर उसके खाते से अपने खाते में फोन पे के माध्यम से 2.31 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए थे। खुलासा होने पर फरियादी ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसने देने से इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर पुलिस ने आवेदन की जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




