मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) के प्रबंधन और इस संस्थान में अध्ययनरत बीटेक के विद्यार्थियों के बीच फरवरी माह से चला आ रहा तनाव आखिरकार बुधवार को खत्म हुआ। मैनिट प्रशासन ने अंतत: विद्यार्थियों की परेशानियों को समझा और संस्थान के नियमों और विद्यार्थियों की मांगों के बीच का ऐसा रास्ता निकाला कि झगड़ा सुलझ गया। करीब 75 घंटे से मैनिट परिसर में धरना दे रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के युवा कार्यकर्ताओं व बीटेक के विद्यार्थियों के चेहरे पर तब मुस्कान आ गई, जब उन्हें सीनेट की बैठक में तय किया निर्णय बताया गया कि मैनिट प्रशासन एनपीटीइएल की परीक्षा संस्थान में ही आफलाइन करवाएगा। इससे विद्यार्थियों का परीक्षा को लेकर जो भय है, वह खत्म हो जाएगा।
सीनेट की बैठक में लिया गया निर्णय
बुधवार दोपहर 3.30 बजे मैनिट के दफ्तर में सीनेट की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता मैनिट के डायरेक्टर एनएस रघुवंशी ने की। इस बैठक में सभी विभागों के एचओडी, डीन एवं एसोसिएट डीन शामिल हुए। सभी ने इस मामले पर अपनी राय रखी और रास्ता निकाला। उन्होंने यह माना कि विद्यार्थियों की मांग सही है, लेकिन बीच सत्र में इतना बड़ा बदलाव नहीं किया जा सकता, इसलिए ऐसा उपाय किया जाए जिससे बीटेक के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के अंदर का डर खत्म हो जाए। उन्हें न ही डिग्री से हाथ धोना पड़े और न ही इंटर्नशिप से।
अभाविप को कहा धन्यवाद
तीन दिनों से बीटेक के विद्यार्थियों की मांगों के समर्थन में अभाविप के कार्यकर्ता मैनिट परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। उनके इस योगदान के लिए विद्यार्थियों ने उन्हें धन्यवाद कहा है। इस मौके पर अभाविप के महानगर मंत्री आयुष पाराशर व राज्य सह संयोजक आदित्य शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
मांग
विद्यार्थियों की मांग थी कि इंटर्नशिप को क्रेडिट दिया जाए। अगर ऐसा नहीं हो सकता है तो छह एनपीटीइएल पाठ्यक्रमों का बोझ कम किया जाए क्योंकि एनपीटीइएल की परीक्षा बहुत कठिन होती है। उसमें माइनस मार्किंग भी होती है। ऐसे में केवल 20 फीसद विद्यार्थियों के ही पास होने की संभावना है। अगर विद्यार्थी यह परीक्षा देते हैं तो 80 फीसद के हाथ से डिग्री भी जाएगी और नौकरी भी। क्योंकि एनपीटीइएल पाठ्यक्रमों के लिए पूरक परीक्षा आयोजित नहीं करता है।
निर्णय
एनपीटीईएल पाठ्यक्रम में रजिस्टर्ड सभी विद्यार्थियों की परीक्षा मैनिट प्रशासन आफलाइन करवाएगा।
असर
विद्यार्थी मैनिट भोपाल द्वारा आयोजित आफलाइन परीक्षा के पैटर्न से अच्छी तरह अवगत हैं। इसमें माइनस मार्किंग भी नहीं होगी। इसके साथ ही मैनिट प्रशासन जरूरत पड़ने पर पूरक परीक्षा भी आयोजित कराएगा, इसलिए विद्यार्थियों को यकीन है कि वे अब परीक्षा में पास हो सकते हैं।
मैनिट, भोपाल के जितने भी विद्यार्थी विभिन्ना कंपनियों में इंटर्नशिप कर रहे हैं और एनपीटीईएल पाठ्यक्रम में जिन्होंने रजिस्ट्रेशन कराया है, उन सभी की आफलाइन परीक्षा अप्रैल में मैनिट भोपाल करवाएगा। सभी विद्यार्थी इस निर्णय से संतुष्ट हैं।




