भोपाल। राजधानी के मिसरोद इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने महिला को शादी का झांसा देकर न केवल उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि अब उसे बीच राह छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय पीड़िता मूल रूप से बैतूल की रहने वाली है। 5 साल पहले पति से तलाक होने के बाद वह निजी काम कर अपना गुजर-बसर कर रही थी। इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात गोलू यादव नाम के युवक से हुई। बातचीत के दौरान पता चला कि आरोपी महिला का दूर का रिश्तेदार भी है।
लिव-इन में रखा, फिर किया इनकार
आरोपी गोलू ने महिला को शादी का भरोसा दिलाया और उसे बैतूल से भोपाल ले आया। यहां मिसरोद इलाके में दोनों करीब 10 महीने तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। इस दौरान आरोपी लगातार महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। पिछले महीने अचानक आरोपी के व्यवहार में बदलाव आया और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद वह पीड़िता से सारे संपर्क तोड़कर भोपाल से भाग निकला।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
धोखाधड़ी और शोषण का शिकार हुई पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। मिसरोद थाना पुलिस ने आरोपी गोलू यादव के खिलाफ दुष्कर्म की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।




