इंदौर। शहर के भंवरकुआं क्षेत्र स्थित तीन इमली बस स्टैंड पर शनिवार रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्राइवेट बसों की पार्किंग में खड़ी एक बस में अचानक आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पास खड़ी दो अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रैफिक पुलिस ने बचाई 25 बसें
आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के प्रधान आरक्षक मुकेश लश्करी ने सूझबूझ दिखाते हुए सीटी बजाकर ड्राइवरों को अलर्ट किया। पुलिस ने तत्काल पार्किंग में खड़ी करीब 25 अन्य बसों को वहां से हटवाया, जिससे एक बड़ी तबाही टल गई।
30 हजार लीटर पानी से बुझी आग
सूचना मिलते ही भंवरकुआं पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। गांधी हॉल और मोती तबेला फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 30 हजार लीटर पानी की मदद से आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में श्रीनाथ, निधि और देवा ट्रेवल्स की बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं।
जांच में जुटी पुलिस
एसीपी (जूनी इंदौर) विजय चौधरी के अनुसार, आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।




