इंदौर के बाणगंगा पुलिस ने फेब्रिकेशन का काम करने वाले एक कारीगर की मौत के मामले में उसकी पत्नी पर आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने युवक से दूसरी शादी की। फिर रुपयों को लेकर प्रताड़ित करने लगी। वह घर से रुपए लेकर चली गई। वापस आने के लिए 2 लाख रूपए की मांग करने लगी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
बाणगंगा पुलिस ने योगेश(28) पुत्र संतोष पंवार निवासी भगतसिंह नगर लोहार गली की मौत के मामले में उसकी पत्नी सपना निवासी अलवदा खेडी मंदसौर को आरोपी बनाया है। योगेश ने 29 दिसंबर को जहर खा लिया था। पड़ोसी ने उसके चाचा सालकराम को मामले में जानकारी दी। योगेश को अस्पताल लेकर जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में बहन रितू और चाचा सालकराम व पड़ोसी के बयान हुए तब पुलिस को पता चला कि योगेश और सपना एक दूसरे को 5 सालों से ज्यादा समय से जानते थे। सपना ने 2024 में पहले पति को छोड़ दिया और अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ आकर योगेश से जून 2024 में सामान्य फेरे लेकर पत्नी के रूप में रहने लगी।
1 दिसंबर के आसपास सपना घर से योगेश द्वारा उधार लाए 40 हजार रुपए और अलग से अलमारी में रखे 30 हजार रुपए लेकर चली गई। इसके बाद उसने कॉल नही उठाया। योगेश ने सपना को गांव जाकर लाने का प्रयास किया तो उसने 2 लाख रुपए पहले पति को देने के लिए मांगे। कहा कि वह समय पर रुपए नही देगा तो वह सुसाइड कर उसका नाम लिख जाएगी। इसके बाद योगेश ने जान देने के पहले एक वीडियो बनाकर पत्नी की प्रताड़ना की कहानी बयां की और फिर जहर खाकर जान दे दी।




