दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद इंदौर पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने होटलों, लॉज, धर्मशालाओं और किराए के मकानों की सघन जांच की। इस दौरान किरायेदारों और ठहरने वालों की जानकारी पुलिस को नहीं देने पर 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यह अभियान शहर के 8 थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि
शहर की सुरक्षा के मद्देनज़र हर व्यक्ति को अपने किरायेदारों, कामगारों और ठहरने वालों की जानकारी थाने में देना जरूरी है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का विशेष अभियान
बीती रात इंदौर पुलिस ने शहरभर में सुरक्षा चैकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने होटलों, लॉज, होस्टलों, धर्मशालाओं, किराए के मकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। जिन लोगों ने अपने किरायेदारों या ठहरने वालों की जानकारी संबंधित थाने में दर्ज नहीं कराई थी, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस की बीडीडीएस टीमों ने भी धार्मिक स्थलों, मॉल, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसी संवेदनशील जगहों पर तलाशी अभियान चलाया।
प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत कार्रवाई
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने भारतीय नागरिक संहिता की धारा 163 के तहत पहले ही आदेश जारी किए हैं। इसके तहत मकान मालिकों, होटल संचालकों, धर्मशालाओं और ठेकेदारों को अपने किरायेदारों, मेहमानों, मजदूरों और कामगारों की जानकारी संबंधित थाने में नियमित रूप से देना अनिवार्य है।
इसी आदेश के तहत पुलिस ने अभियान चलाकर 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की, जिनमें मकान मालिक, व्यवसायी और होटल संचालक शामिल हैं।
इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
- मल्हारगंज थाना: 2 मकान मालिक – गुलरेज खान, असीत समंता
- गांधीनगर थाना: 1 मकान मालिक – द्रोपदी बाई देलवार
- एमजी रोड थाना: 2 मकान मालिक – भारत चौरसिया, जगदीश जोशी
- बाणगंगा थाना: 1 मकान मालिक – ओमप्रकाश वर्मा
- चंदन नगर थाना: 1 मकान मालिक – मोहम्मद शब्बीर
व्यवसाय मालिकों पर कार्रवाई
- एरोड्रम थाना: राम भरोसे धनगर
- रावजी बाजार थाना: आवेश अंसारी
- भंवरकुआं थाना: गोरेश उधमदासनी और विवेक पाहुजा
होटल संचालकों पर कार्रवाई
- राजेंद्र नगर थाना: योगेश मालवीय और शुभम मिश्रा
- गांधीनगर थाना: राहुल योगी
पुलिस ने से नागरिकों से अपील की कि- “अपने घर, दुकान, होटल या हॉस्टल में रहने या काम करने वालों की जानकारी थाने में अवश्य दें। यह आपकी और शहर की सुरक्षा के लिए जरूरी है।”




