भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। बुधवार को पूर्व प्रदेश सचिव रविन्द्र साहू झूमरवाला के नेतृत्व में बरखेड़ा पठानी क्षेत्र में दुकानदारों और आम लोगों को कोयला बांटकर सरकार की नीतियों पर निशाना साधा गया।
प्रतीकात्मक विरोध से घेरी सरकार
कांग्रेस नेता रविन्द्र साहू ने कहा कि सिलेंडर न मिलने के कारण आम जनता और छोटे व्यापारियों के चूल्हे ठंडे पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कागजी दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि लोग गैस के लिए भटक रहे हैं। इसी अव्यवस्था की ओर ध्यान खींचने के लिए प्रतीकात्मक रूप से कोयला वितरित किया गया है।
आंदोलन की चेतावनी
विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। साहू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।




