इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में करीब एक माह पहले हुए ट्रक हादसे में घायल चौथे व्यक्ति की बुधवार शाम मौत हो गई। इस हादसे में इससे पहले तीन लोगों की जान जा चुकी थी, जबकि करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हुए थे।
बताया जा रहा है कि मृतक के पैर में फ्रैक्चर हुआ था, जिसमें इन्फेक्शन फैल गया और बाद में वह लिवर तक पहुंच गया, जिससे लिवर डैमेज हो गया। कई अस्पतालों में इलाज के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका और बुधवार शाम उसने दम तोड़ दिया।

ऑटो रिक्शा में सवार थे
एरोड्रम पुलिस के अनुसार, मृतक संदीप(40) समर्थ ग्रीन कॉलोनी के निवासी थे। वे करीब एक माह पहले एरोड्रम क्षेत्र में हुए ट्रक हादसे में घायल हुए थे। हादसे की रात संदीप पैसेंजर ऑटो रिक्शा में बैठकर खजूरी बाजार जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। उसी ऑटो में संदीप सवार थे। हादसे में उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था।
पहले उन्हें बरोठ अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में वर्मा यूनियन और फिर चोइथराम अस्पताल में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान उनके शरीर में इन्फेक्शन बढ़ता गया, जो लिवर तक पहुंच गया। हालत लगातार बिगड़ने के बाद बुधवार शाम संदीप की मौत हो गई।
संदीप लुहारी (लोहे का काम) का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जबकि उनके भाई अलग रहते हैं। एरोड्रम पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

घायलों का अलग- अलग अस्पताल में इलाज जारी
इस हादसे में अब तक कॉलेज प्रोफेसर, आईडी कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति सहित तीन लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में वैशाली नगर निवासी कॉलेज प्रोफेसर भी शामिल हैं। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है। कई घायलों को हालत में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी भी दी जा चुकी है।




