इंदौर के पास सांवेर में एक बदमाश ने युवती का गला रेत दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पीछे से आया और अचानक चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह बैग छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है, जबकि घायल युवती को अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना सांवेर के वार्ड 12 की है, जहां पायल पुत्री संजय पर अमन शेख नामक युवक ने हमला किया। मौके से मिले बैग में अमन के नाम की किताब बरामद हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पायल चंद्रावतीगंज की रहने वाली है और कुछ दिनों से अपने मामा के घर आई हुई थी। घटना के समय वह घर के बाहर खड़ी थी, तभी आरोपी ने चेहरे, हाथ और गले पर चार से अधिक वार किए और भाग गया। अमन शेख मकोडिया गांव का निवासी बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, पायल और अमन एक ही कॉलेज में पढ़ते थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी कारण युवती अपने मामा के घर रहने आई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
दोस्ती से इनकार तो गला रेता
अमन शेख और पायल के बीच दोस्ती के दबाव को लेकर विवाद बढ़ गया था। अमन, जो पिछले तीन साल से पायल को परेशान कर रहा था, ने उसे दोस्ती के लिए बार-बार मनाने की कोशिश की। जब पायल ने दोस्ती से इनकार किया, तो उसने यह बात अपने परिवार से साझा की। परिवार ने अमन को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पायल ने कॉलेज छोड़ दिया, लेकिन अमन उसका पीछा करना नहीं रुका। हाल ही में जब पायल अपने मामा के घर थी, तो अमन ने पीछे से आकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। पायल का इलाज अब अरविंदो अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। पुलिस ने पायल का बयान लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।




