वेब सीरिज और टायर कारोबार में निवेश का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपित टायर कारोबारी कमल मैथिल और उसके बेटे सोहित व रोहित से विजय नगर थाना पुलिस पूछताछ कर रही है। मंगलवार को आरोपितों को कोर्ट पेश कर रिमांड मांगा। पूछताछ में ठगी का आंकड़ा 12 करोड़ कर पहुंच गया। आरोपितों ने कहा मामला सूदखोरी का है। पुलिस ने नेताओं के दबाव में कायमी कर ली।
विजय नगर थाना पुलिस ने सोमवार रात बाबजी नगर निवासी अभिजीत पुत्र सुरेंद्रसिंह चौहान सहित राहुल कोहली, संजय सिंघानिया, ओमप्रकाश महोदिया, विवेक तिवारी, शैलेंद्र विजयवर्गीय और आसिफ पटेल की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। मंगलवार तीनों पिता-पुत्रों से पूछताछ की तो कहा वेब सीरिज के लिए रुपये लिए थे। वर्ष 2017 में ओटीटी प्लेट फार्म के लिए फिल्म द वॉर आफ टैलेंट की शूटिंग की। करोड़ों रुपये देकर अभिनेता राहुल देव, संगीतकार स्माइल मर्चेंट, कोरियोग्राफर सलमान युसूफ से अनुबंध किया। करोड़ों रुपये फिल्म में लगा दिए लेकिन फिल्म को सफलता नहीं मिली। एक साल तक शिकायतकर्ताओं को समय पर ब्याज लौटाता रहा।
लॉकडाउन के कारण टायर की दुकान बंद हो गई और ब्याज देना बंद करना पड़ा। नेताओं से दबाव बनवाया और शिकायत कर केस दर्ज कर दिया। पुलिस ने भी बगैर जांच के मुकदमा लगा दिया। आरोपितों के वकीलों ने कहा पुलिस अभिरक्षा में भी रसूखदार रुपयों के लिए धमका रहे है। टीआइ तहजीब काजी के मुताबिक आरोपित तरह तरह के बहाने बना रहे है। जिन लोगों से रुपये लिए उन्हें टायर कारोबार की विभिन्न योजना बताई थी। टारगेट पूरा करने पर कार व सोना देने का प्रलोभन दिया था। आरोपितों के बड़े शोरूम देख लोग झांसे में आ गए। रुपये मांगने गए तो उन्हें धमाकाया। पुलिस आरोपितों के बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है।




