इंदौर। शहर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां उषा नगर में रहने वाले एक कपड़ा व्यापारी के सूने घर से बदमाशों ने लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने घर का ताला तोड़े बिना ही इस पूरी घटना को अंजाम दिया, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
शादी समारोह में गया था परिवार
पुलिस के अनुसार, पीड़ित शीलकुमार पोरवाल कपड़ों के व्यवसायी हैं। शनिवार शाम करीब 7 बजे वे परिवार के साथ एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 1 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी का लॉक खुला हुआ था और सारा कीमती सामान गायब था।
लाखों के जेवर और नकदी पार
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि चोर अलमारी में रखे 3 हार सेट, 6 सोने की अंगूठियां, 5 जोड़ी कान के टॉप्स, एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, 4 चांदी की पायल और करीब 60 हजार रुपए नकद ले गए हैं। चोरी हुए जेवरात की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
बिना ताला टूटे चोरी ने बढ़ाई उलझन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में घर के मुख्य दरवाजे या अन्य किसी ताले के टूटने के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है और घर के सदस्यों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोरवाल परिवार में दो भाई अपने परिवारों के साथ रहते हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।




