भोपाल के हिन्दी भवन में संत रविदास जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम डॉ मोहन यादव, विधायक भगवानदास सबनानी, मेयर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी शामिल हुए।
सीएम की मौजूदगी में नवयुवक अहिरवार समाज सेवा संघ के अध्यक्ष शोभाराम गन्नोरे ने भोपाल नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा मोचियों की गुमठियां उठाकर ले जाने का मामला उठाया। सीएम की मौजूदगी में नगर निगम की कार्रवाई को लेकर उठी बात को लेकर मंच पर बैठे नेता सन्न रह गए। मेयर मालती राय भी असहज दिखीं।
समाज के अध्यक्ष ने निगम कर्मियों की कार्रवाई पर उठाए सवाल अहिरवार समाज सेवा संघ के अध्यक्ष शोभाराम गन्नोरे ने सीएम की मौजूदगी में मंच से कहा-
जो हमारे भाई छोटी गुमटी लगाकर मोची का व्यवसाय करते हैं। उनको नगर निगम द्वारा उठाकर कहीं भी फेंक दिया जाता है। वो बेचारे इतने लाचार हो जाते हैं कि उनके पढ़ने वाले जिन बच्चों की फीस उसी व्यवसाय से भरी जाती है। वो परेशान होते हैं। हम लोग महाराष्ट्र गए थे वहां की सरकार ने लोगों को अस्थाई पट्टे दिए। अगर किसी जगह से हटाना है तो कहीं स्थाई जगह दे दी जाती है। लेकिन यहां ऐसा नहीं हैं। यहां पर महापौर जी, विधायक जी और नगर निगम के अध्यक्ष बैठे हैं और प्रदेश के मुखिया बैठे हैं।
न्यू मार्केट से तीन बार हटाई गई चर्मकार समाज की 60 दुकानें शोभाराम ने कहा- हमारे चर्मकार समाज की 60 दुकानें न्यू मार्केट से तीन बार हटा दी गईं। उनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि उनमें से आधे दुकानदार दुकानें बंद करके प्राइवेट काम पर लग गए हैं। उन्हें उचित स्थान नहीं मिल पा रहा है। मेरा प्रदेश के मुखिया से निवेदन है कि उनकी व्यवस्था की जाए। हमारे समाज का भोपाल में भवन नहीं हैं। भवन बनाने के लिए जमीन आवंटित की जाए।

सीएम बोले- चिंता मत करो महल बनाकर देंगे सीएम ने अपने संबोधन में कहा- आपने नगर निगम की जो परेशानी बताई। यहां महापौर नगर निगम अध्यक्ष, विधायक ये सब मिलकर समस्या हल करेंगे। इनके साथ मैं भी हूं। मेरा प्रयास है मप्र के सारे युवाओं के जीवन में बदलाव आना चाहिए। सबकी आर्थिक स्थिति बढ़ना चाहिए। सबको आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। सरकार का मतलब ही है गरीबों की गरीबी दूर करे, युवाओं को काम दे, महिलाओं को सम्मान दे। किसानों की आमदनी बढ़ाए। पूरे देश में ये डंका बज रहा है कि मप्र तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम ने कहा-
सभी गरीबों के जीवन में बेहतरी के लिए हम काम कर रहे हैं। गुमठी मांग रहे हैं हम गुमठी तो देंगे ही देंगे। लेकिन, गुमठी क्यों महल देंगे। महल बनाओ बढ़िया धूमधाम से रहो, बराबरी से रहो। क्या तकलीफ है।
मेरा घर रविदास समाज के पास है सीएम ने कहा- आज मोदी जी के नेतृत्व में गरीब आदमी सम्मान के साथ जी रहा है। मोदी जी खुद गरीबी से निकल कर आए हैं। स्टेशन पर चाय बेचते हुए, इस देश के लोकतंत्र को गौरवान्वित कर रहे हैं और तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने तो आप और हमारे लोकतंत्र की ताकत से बने। डॉ अंबेडकर के संविधान की वजह से बने। गरीब से गरीब आदमी का बच्चा प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री बन सकता है। मैं भी आपके जैसे परिवार से आता हूं। उज्जैन में मेरे आसपास समूचा रविदास समाज घर के आसपास है।
रविदास गुरुद्वारे में हर साल जाता हूं- सीएम कार्यक्रम में सीएम ने कहा- सरकार के माध्यम से सागर में रविदास जी का सौ करोड़ की लागत से भव्य स्थान बन रहा है। वहां आप सबको ले जाकर दिखाएंगे। उज्जैन में तो रविदास जी का गुरुद्वारा है। मैं हर साल वहां जाता हूं।
सामाजिक भवन के लिए जमीन की मांग की गई है। इस भवन के लिए जमीन आवंटित कराएंगे। जिनके सिर पर छत नहीं हैं उन्हें पक्का मकान दिया जाएगा। दस लाख नए मकान बनाए जाएंगे। गरीब आदमी क्यों झोपड़ी में रहना चाहिए। उसका भी पक्का मकान होना चाहिए। शिक्षा, रोजगार और समानता का अवसर डॉ अंबेडकर के संविधान से मिला है। उसमें सरकार पूरी तरह से काम कर रही है।




