इंदौर (विजयनगर): सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और छेड़छाड़ करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। विजयनगर पुलिस ने राजस्थान के रहने वाले एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शादी का दबाव और पीछा करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से बाड़ा (राजस्थान) निवासी यशवंत नामा से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ने पर दोनों साथ घूमने भी गए, जिसका फायदा उठाकर युवक ने छात्रा के कुछ फोटो अपने पास रख लिए। छात्रा का आरोप है कि यशवंत उस पर शादी का दबाव बनाने लगा, जिससे परेशान होकर छात्रा ने जनवरी 2025 में उससे रिश्ता तोड़ दिया।
बदनाम करने की धमकी
रिश्ता टूटने के बाद भी आरोपी युवक बाज नहीं आया। उसने छात्रा का पीछा करना शुरू कर दिया और नया घर ढूंढकर वहां भी पहुंच गया। छात्रा ने बताया कि नंबर ब्लॉक करने पर आरोपी उसके परिजनों और सहेलियों को फोन कर परेशान करने लगा और इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक संदेश भेजकर बदनाम करने की धमकी देने लगा।
पुलिस की कार्रवाई
लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा ने मंगलवार को विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी यशवंत के खिलाफ छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।




