PM Modi Bijnor Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर और उससे जुड़ी विधानसभा सीटों को लक्ष्य करते हुए वर्चुअल रैली को संबोधित किया। पहले योजना थी कि पीएम मोदी खुद बिजनौर जाएंगे, लेकिन खराब मौसम के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। पीएम ने अपनी इस वर्चुअल रैली के माध्यम से विरोधियों पर निशाना साधा। पीएम ने कहा, मैं सबसे पहले आप सबसे क्षमा चाहता हूं क्योंकि चुनाव आयोग की तरफ से कुछ मुक्ति मिलने के कारण सोच रहा था कि बिजनौर से मैं चुनाव अभियान का प्रारंभ करूं। लेकिन मौसम के कारण मेरा हेलिकॉप्टर नहीं निकल पाया, और उसके कारण मुझे फिर एक बार VC से ही आपके दर्शन करने का सौभाग्य मिला है।
PM Modi Bijnor Rally: पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
अपनी बात की शुरुआत मैं इस क्षेत्र के ही मशहूर कवि दुष्यंत कुमार जी की दो लाइनों से करूंगा। उन्होंने कहा था- यहां तक आते आते सूख जाती हैं कईं नदियां, मुझे मालूम हैं पानी कहां ठहरा हुआ होगा। 2017 से पहले, उत्तर प्रदेश में भी विकास की नदी का पानी ठहरा हुआ था। ये पानी नकली समाजवादियों के परिवार में, उनके करीबियों में ठहरा हुआ था। इन लोगों को सामान्य मानवी की प्यास से कभी कोई मतलब नहीं रहा। वो सिर्फ अपनी प्यास बुझाते रहे, अपनी तिजोरियों की प्यास बुझाते रहे।
भारतीय जनता पार्टी, प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को अपना परिवार मानती है। हमारा मंत्र है- सबका-साथ, सबका-विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। इसलिए बीजेपी की सरकार में भाई-भतीजावाद और तुष्टीकरण की कोई जगह नहीं है।
जब पीएम आवास योजना में घर मिलता है तो हर गरीब को घर मिलता है, उसकी जाति, उनका पंथ उसका क्षेत्र नहीं देखा जाता है। जब उज्ज्वला योजना से गैस का कनेक्शन मिलता है तो माताओं-बहनों से जाति नहीं पूछी जाती है। हमारी सरकार में जब मुफ्त राशन मिलता है तो किसी भी बिरादरी, किसी का समाज, कौन क्या है ये कुछ नहीं पूछा जाता है। पिछले पांच साल में योगी जी की सरकार का प्रयास रहा है कि विकास कुछ इलाकों तक ही सीमित ना रहे। इसी सोच के साथ हमारी सरकार मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा जैसे शहरों में भी कनेक्टिविटी बढ़ा रही है।
नहीं हो सकी पीएम मोदी की पहली हाइब्रिड रैली
इससे पहले खबर थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिजनौर में वर्धमान डिग्री कॉलेज में इस रैली को संबोधित करेंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली ‘हाइब्रिड’ रैली होना थी, जिसका अर्थ है कि कोरोना गाइडलाइन के तहत सीमित संख्या में पार्टी कार्यकर्ताों के सामने नरेंद्र मोदी अपनी बात रखने वाले थे। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में इस लाइव प्रसारण करने की व्यवस्था की थी। बता दें, इससे पहले पीएम ने वर्चुअल रैली को संबोधित किया है। उत्तर प्रदेश में मतदान का पहला चरण 10 फरवरी को है। उत्तर प्रदेश में कोरोना केस को देखते हुए चुनाव आयोग ने सीमित संख्या के साथ रैली करने की अनुमति दी है। 1000 लोग बिजनौर में पीएम मोदी की रैली में शारीरिक रूप से उपस्थित थे। लगभग एक लाख लोगों से बीजेपी के विभागीय केंद्रों में पीएम की बिजनौर रैली देखने की उम्मीद है।




