रतलाम/जावरा | रतलाम जिले के जावरा और ताल क्षेत्र में महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र झपटने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए तीन लुटेरे और लूट का माल खरीदने वाला एक सराफा व्यापारी, सभी भोपाल के रहने वाले हैं। इस गिरोह ने रतलाम के अलावा आगर और राजगढ़ जिलों में भी सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया था।
चोरी की बाइक से शुरू किया ‘लूट का सफर’
एसपी अमित कुमार ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बदमाशों ने वारदात का सिलसिला शाजापुर से बाइक चोरी कर शुरू किया था।
- वहां से ये हुसैन टेकरी (जावरा) पहुंचे और फिर रास्ते में जो भी महिला अकेली दिखी, उसे निशाना बनाते गए।
- 5 फरवरी को जावरा, 6 फरवरी को ताल-आलोट और बड़ोद (आगर) में लूट की।
- 7 फरवरी को सुसनेर (आगर) और जीरापुर (राजगढ़) में मंगलसूत्र और पर्स छीने।
AI और सीसीटीवी की मदद से पहुंचे लुटेरों तक
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया। घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों के AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) फोटो जारी कर रूट ट्रैक किया गया। मुखबिर और साइबर सेल की मदद से पुलिस भोपाल के इन बदमाशों तक पहुँच गई।
पकड़े गए आरोपी:
- लक्की (23): कोलार, भोपाल (इसके खिलाफ लूट, चोरी और अवैध वसूली के 28 केस दर्ज हैं)।
- राजा खान (23): नेहरू नगर, भोपाल (चोरी और दुष्कर्म जैसे 7 केस दर्ज)।
- विजय (21): रातीबड़, भोपाल (लूट और शराब तस्करी के 6 केस दर्ज)।
- मयंक (ज्वेलर): दानिश कुंज, भोपाल (लूट का सोना खरीदने वाला व्यापारी)।

जब्ती और पुलिस टीम को सराहना
पुलिस ने इनके पास से दो सोने के मंगलसूत्र, 29 सोने के मोती और एक मोबाइल जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई में एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी पल्लवी गौर और साइबर सेल प्रभारी अमित कोरी , उनि कुलदीप देथलिया, राजा तिवारी. सायबर सेल के प्रआर मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी विपुल भावसार, तुषार सिसोदिया समेत पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



