भोपाल के मालवीय नगर में 1 महीने पहले महिला से हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई 8 लाख रुपए की ज्वेलरी सहित घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त कर ली है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, नशे की लत और मंहगे खर्च पूरा करने के लिए लूट की थी। लूट की रकम से उन्होंने यूपी और राजस्थान के टूरिस्ट प्लेस घूमे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने पांच दिन में चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि, 15 जनवरी को कैलाश तनवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, उनकी पत्नी संगीता तनवानी, बहन सुजाता लखानी के साथ न्यूमार्केट घूमने गयी थी। ज्वैलर्स की दुकान से गोल्ड रिपेयर कराकर लौट रही थी। इस दौरान बाइक से आए दो युवकों ने संगीता के हाथ से ज्वेलरी और पैसों का बैग छीन कर भाग गए।आसपास के लोगों ने पीछा किया, पर आरोपियों का कहीं पता नहीं चला।

एसआईटी ने पांच दिन में किया खुलासा
पीड़िता की शिकायत पर अरेरा हिल्स पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। संदेहियों से पूछताछ की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल पाया। एक महीने तक सुराग नहीं मिलने पर पुलिस उपायुक्त जोन-2 डॉ. संजय अग्रवाल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 9 फरवरी को एसआईटी का गठन किया। आरोपी दिनेश को पकड़ने पुलिस ने यूपी के अयोध्या में दबिश दी, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकले। एसआईटी ने 5 दिन में लूट का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों संदीप दांगी, दामखेड़ और दिनेश नरवरिया ग्राम जखौरा ललितपुर यूपी को गिरफ्तार कर लिया।




