बैरसिया। क्षेत्र के तरावली जोड़ पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की जान चली गई। तेज रफ्तार बस ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दंपती उछलकर करीब 10 फीट दूर झाड़ियों में जा गिरे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रिश्तेदारी में जा रहे थे मृतक
पुलिस के अनुसार, गुनगा के ग्राम मनीखेड़ी निवासी मोहर सिंह रैकवार (किसान) अपनी पत्नी उमा बाई के साथ सुबह करीब 11 बजे बाइक से नंदगांव जा रहे थे। इसी दौरान तरावली जोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
चालक फरार, बस जब्त
हादसे के बाद आरोपी बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। टीआई वीरेंद्र सेन ने बताया कि पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
प्रमुख बिंदु:
- घटनास्थल: तरावली जोड़, बैरसिया।
- मृतक: मोहर सिंह रैकवार और पत्नी उमा बाई (ग्राम मनीखेड़ी)।
- वजह: बस की तेज रफ्तार और जोरदार भिड़ंत।




