ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय छात्रा को ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर ठगों ने एक लाख रुपए की ठगी कर दी। यह घटना तेल कोठी चंदनपुरा बिरला नगर क्षेत्र की है, जहां छात्रा ने एक ऑनलाइन जॉब प्लेटफॉर्म के जरिए ठगों के जाल में फंसकर अपने पैसे गंवाए।
हजीरा थाना क्षेत्र की निवासी निहारिका रावत, जो बीए की छात्रा हैं, को 10 दिन पहले एक मोबाइल नंबर (9954307425) से मैसेज मिला। इसमें उसे टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया, जहां उसे पार्ट टाइम जॉब के लिए टास्क दिए गए। पहले टास्क के लिए 1000 रुपए जमा करने के बाद उसे 1500 रुपए का मुनाफा हुआ। इस लाभ से प्रभावित होकर उसने और टास्क किए और रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में लगातार पैसे जमा किए। तीन दिन में उसने कुल 98,000 रुपए जमा कर दिए, जबकि उसके ऑनलाइन अकाउंट में यह राशि प्रॉफिट के साथ दो लाख रुपए दिखाई दे रही थी।
जब छात्रा ने अपने ऑनलाइन अकाउंट से प्रॉफिट की राशि निकालने का प्रयास किया, तो कंपनी के फाइनेंस डिपार्टमेंट ने बताया कि उसका क्रेडिट स्कोर 100 तक नहीं पहुंचा है। इस कारण उसे अधिक पैसे जमा करने होंगे, और अगर वह पैसे जमा नहीं करती तो उसका प्रॉफिट भी डूब जाएगा। यह सुनकर छात्रा को समझ में आ गया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है।
इसके बाद छात्रा ने ठगी का अहसास होते ही मामले की शिकायत हजीरा थाना में दर्ज करवाई। पुलिस ने छात्रा की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।




