इंदौर के आजाद नगर इलाके में हाल ही में हुई चोरी की वारदातों की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को पकड़ा है, जिसे कुछ माह पहले जिलाबदर किया गया था, बावजूद इसके वह लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। डीसीपी विनोद मीणा की टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।
CCTV से हुई पहचान, पहले भी दर्ज हैं कई अपराध
पुलिस को चोर की पहचान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हुई। फुटेज में साहिल उर्फ बच्चा उर्फ बदर, निवासी नूरी नगर, संदिग्ध रूप से घूमता नजर आया। जब उसकी जानकारी निकाली गई तो पता चला कि उसे कुछ माह पहले ही जिलाबदर किया गया था।
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को जिला जेल क्षेत्र के पास से घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने चार से अधिक घरों में चोरी करना कबूल किया है।
नशे की लत ने बनाया चोर, 10 लाख का माल बरामद
आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए ही वह चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसने जिन मकानों को निशाना बनाया, वहां से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी की गई। पुलिस ने अब तक करीब 10 लाख रुपए का सामान बरामद किया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है, जिससे और वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।




