भोपाल | 25 फरवरी, 2026
राजधानी के भीम नगर इलाके में मंगलवार रात नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। पुरानी रंजिश और कोर्ट केस वापस न लेने पर अक्कू गैंग के आधा दर्जन से ज्यादा गुर्गों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पत्थर, चाकू और लात-घूंसों से हमला कर दोनों को तब तक पीटा जब तक वे बेहोश नहीं हो गए।

38 सेकंड का खौफनाक वीडियो
वारदात का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है। महज 38 सेकंड के भीतर बदमाशों ने पीड़ितों पर 15 से ज्यादा वार किए। हमले में रावेंद्र सेन और सौरभ विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रावेंद्र के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
समझौते का दबाव और इलाकाई वर्चस्व
पुलिस के अनुसार, इस हमले के पीछे अक्कू उर्फ आकाश और विशाल चपटी का हाथ है। आरोपी इलाके के नामी अपराधी हैं और अपना दबदबा बनाए रखना चाहते हैं।
- विवाद की जड़: पीड़ित राघवेंद्र ने आरोपियों के खिलाफ पहले एक केस दर्ज कराया था।
- धमकी: आरोपी लगातार केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे थे।
- दहशत: राघवेंद्र के इनकार करने पर आरोपियों ने इलाके में अपनी दहशत फैलाने के लिए बीच सड़क पर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घायल सौरभ विश्वकर्मा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि:
”पुराने विवाद को लेकर दो नामजद और अन्य नकाबपोशों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं, जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।”




