इंदौर | विशेष संवाददाता शहर के तेजाजी नगर इलाके में मामूली बात से शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। 14 फरवरी को सिगरेट का धुआं उड़ाने जैसी छोटी सी बात पर शुरू हुई कहासुनी ने अब सांप्रदायिक रंग ले लिया है। आरोप है कि एक बीजेपी नेता के नाबालिग बेटे ने न सिर्फ सिख समाज के दो नाबालिगों के साथ मारपीट की, बल्कि राजीनामे के बाद भी फोन पर धमकियां और अपमानजनक बातें कहीं।
गुरुद्वारे में हुआ था समझौता, फिर बिगड़ी बात
घटना न्यू रानी बाग क्षेत्र की है। शनिवार को हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच स्थानीय गुरुद्वारे में आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया था। लेकिन शांति की यह कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई जब सोमवार रात बीजेपी नेता के बेटे ने फिर से उन युवकों और उनके करीबियों को फोन पर धमकाया।
थाने पहुँचा सिख समाज, कार्रवाई की मांग
मंगलवार को बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग तेजाजी नगर थाने पहुँचे और टीआई देवेंद्र मरकाम को ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधि पपल भाटिया और अन्य लोगों का आरोप है कि बीजेपी नेता ने फोन पर समाज के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है।
सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट: पुलिस के पास मौजूद फुटेज में बीजेपी नेता का बेटा सिख लड़कों के साथ मारपीट करता साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष नाबालिग हैं और अभी तक कोई औपचारिक एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं हुई थी।
जांच के घेरे में नेताजी का रसूख
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शहर में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है, लेकिन समाज के बढ़ते दबाव को देखते हुए सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




