इंदौर के भंवरकुआ पुलिस ने 20 वर्षीय छात्रा की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ मंगलवार को एफआईआर दर्ज की है। आरोपी ने बातचीत बंद करने पर छात्रा को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चितावद क्षेत्र में रहने वाली युवती मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और इंदौर में एमएससी की पढ़ाई कर रही है। छात्रा ने शिकायत में बताया कि करीब पांच महीने पहले उसकी पहचान अंकित उर्फ राजा परमार से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी, लेकिन कुछ समय बाद युवक की हरकतें गलत होने लगीं, जिसके चलते छात्रा ने उससे बात करना बंद कर दिया।
तीन अलग-अलग नंबरों से फोन करता था आरोपी
आरोपी ने तीन अलग-अलग नंबरों से कॉल कर छात्रा को परेशान करना शुरू कर दिया। उसने धमकी दी कि अगर वह बात नहीं करेगी तो उसकी फोटो और वीडियो वायरल कर देगा और कहीं आने-जाने लायक नहीं छोड़ेगा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर छात्रा ने यह बात अपने भाई को बताई और मंगलवार शाम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।




