विदिशा में चोरों ने बुधवार रात एक बार फिर दो घरों को निशाना बनाया है। शंकर टीला इलाके में हुई इस वारदात में चोर लाखों रुपए के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
मोहन गिरी शंकर टीला के पास रहने वाले मनफुल नामदेव ने बताया कि वे टेलरिंग का काम करते हैं और उनकी चार बेटियां हैं। घटना वाली रात वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सो रहे थे। चोर पहले बगल वाले घर में घुसे और वहां से सामान चुराया।
इसके बाद चोर छत के रास्ते मनफुल नामदेव के घर में दाखिल हुए। जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उसके दरवाजे खुले हुए थे। चोरों ने कमरे में टंगे दो बैग और एक पर्स चुरा लिया। मनफुल ने बताया कि उनके घर की अलमारी का दरवाजा नहीं था, इसलिए जेवर का बैग बाहर ही टंगा हुआ था।
लगभग 6 लाख की चोरी हुई चोरी हुए सामान में उनकी शादी के जेवर, बच्चों की पायल, दो मंगलसूत्र, एक करधनी, एक गुच्छा, टॉप्स और झुमके शामिल हैं। मनफुल नामदेव के अनुसार, कुल लगभग 6 लाख रुपए की चोरी हुई है।
पड़ोस के दूसरे घर में भी चोरों ने ताले तोड़े, लेकिन घर मालिक की अनुपस्थिति के कारण यह पता नहीं चल पाया है कि वहां से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है।
मनफुल नामदेव ने कोतवाली थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, चोरों की तलाश में टीम जुट गई है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।




