विजय नगर थाना पुलिस ने शिवपुरी के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने संभ्रांत परिवार के कई युवकों को ब्लैकमेल करना स्वीकारा है। आरोपितों के मोबाइल में कई लोगों के अश्लील वीडियो मिले हैं।
विजय नगर थाना पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित संदीप शर्मा, मोनू राठौर, सचिन और एक अन्य है। पुलिस ने इन्हें विकास गार्डन के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत के फ्लैट से पकड़ा है। आरोपित छात्र बनकर किराये के फ्लैट में रहते थे। आरोपितों ने पुलिसकर्मियों को रुपयों का लालच देकर छूटने का प्रयास भी किया। टीआइ तहजीब काजी ने पूछताछ में उन्होंने सेक्सटार्शन गिरोह का सदस्य होना स्वीकार किया। उनके मोबाइल में दर्जनों वीडियो मिले हैं जिनके जरिये आरोपित लाखों रुपये भी वसूल चुके हैं। पुलिस को गुजरात के एक युवक ने शिकायत भी दर्ज करवाई है। आरोपित उससे 35 हजार रुपये ले चुके थे। कई लोग बदनामी के डर से आगे आने से घबरा रहे हैं
युवतियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई – आरोपितों ने बताया कि गैंग के सदस्यों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम पर युवतियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बना रखी है। आरोपित संभ्रांत परिवार के लोगों की प्रोफाइल देखकर उन्हें फ्रेंड बनाते और द्विअर्थी बातें कर जाल में फंसा लेते थे। खुद को निर्वस्त्र अवस्था में दिखाने का बोलकर मोबाइल नंबर साझा कर लेते। कुछ लोग ब्लैकमेलर की बातों में आकर वीडियो कॉल करते और खुद को निर्वस्त्र कर लेते थे। आरोपित मोबाइल में सेव लड़की का वीडियो दिखाकर युवकों की स्क्रीन रिकार्ड कर लेते थे। बाद में झूठे केस में फंसाने और अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया में अपलोड करने की धमकी देकर रुपयों की मांग करते थे।
पुलिस अफसर बनकर धमकाते हैं आरोपित – आरोपितों से डीसीपी जोन-2 संपत उपाध्याय, एडीसीपी राजेश व्यास और टीआइ तहजीब काजी पूछताछ कर रहे हैं। यह भी जानकारी मिली है कि आरोपितों के गैंग में फर्जी पुलिस अफसर भी है। रुपये देने से इन्कार करने पर फर्जी अफसर पीड़ित को कॉल कर कार्रवाई के लिए धमकाता था। पीड़ित बदनामी और पुलिस केस के भय से तत्काल रुपये जमा करवा देता था। आरोपितों ने यह भी बताया कि शिवपुरी जिले में ऐसे कई युवा हैं जो पूरे देश में इसी तरह से ठगी कर रहे हैं। पुलिस आरोपितों के मोबाइल और बैंक खातों की जांच कर रही है।




