माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। इसके लिए माशिम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोविड गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित हो, इसके लिए 10 फीसद अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में 3861 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। इनमें से 689 निजी स्कूलों के केंद्र शामिल हैं।
बता दें कि इस बार प्रदेश भर से करीब 17 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जबकि भोपाल जिले में करीब 52 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा रहे हैं। वहीं माशिम परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के लिए विशेष सतर्कता भी बरत रहा है। इसके लिए प्रदेश के 232 अतिसंवेदनशील व 320 संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और वीडियोग्राफी होगी। यहां मंडल के उड़नदस्ते के अलावा स्थानीय स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित उड़नदस्ते भी सक्रिय रहेंगे।
राजधानी में 47 निजी स्कूलों में परीक्षा केंद्र बने हैं
इस बार राजधानी के 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 47 निजी स्कूलों के केंद्र शामिल हैं। पिछले साल 97 केंद्र थे, जिसमें 38 निजी स्कूल में केंद्र बनाए गए थे। कोविड के बढ़ते संक्रमण के कारण सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए इस बार सर्वसुविधायुक्त स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
हर परीक्षा केंद्र पर एक आइसोलेटेड कक्ष होगा
माशिम ने परीक्षा केंद्रों पर कोविड से सुरक्षा व्यवस्था के लिए संभागीय स्तर के जिले को दो लाख रुपये और छोटे जिलों को डेढ़ लाख रुपये की राशि दी है। परीक्षा केंद्रों को हर रोज सैनिटाइज किया जाएगा। विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। सभी को मास्क अनिवार्य किया गया है। परीक्षा खत्म होने के बाद भीड़ इकट्ठा करने पर रोक लगेगी।
एक नजर में
प्रदेश में
कुल विद्यार्थियों की संख्या- 17 लाख 82 हजार 858
कुल परीक्षा केंद्र – 3861
सरकारी स्कूलों में परीक्षा केंद्र- 3172
निजी स्कूलों में परीक्षा केंद्र- 689
भोपाल जिले में
कुल विद्यार्थियों की संख्या- करीब 52 हजार
कुल परीक्षा केंद्र- 104
सरकारी स्कूलों में परीक्षा केंद्र- 57
निजी स्कूलों में परीक्षा केंद्र – 47
इन जिलों में सौ से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं
छिंदवाड़ा-159
इंदौर- 146
सागर- 135
बालाघाट- 132
बैतूल- 128
जबलपुर- 107
भोपाल- 104
देवास- 101
कटनी- 101
खरगोन- 100
इनका कहना है
सभी परीक्षा केंद्रों पर कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। सभी जिलों में दस फीसद अधिक केंद्र बनाए गए हैं।




