इंदौर:
शहर में ऑनलाइन धोखाधड़ी के दो बड़े मामले सामने आए हैं। साइबर ठगों ने अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर दो लोगों से कुल 9 लाख 21 हजार रुपए से अधिक की ठगी कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला: चंदन नगर (शेयर मार्केट के नाम पर ठगी)
ताप्ती परिसर निवासी जय कुमार बडोनिया के पास अप्रैल में एक अज्ञात महिला का फोन आया था। महिला ने इंटरनेशनल शेयर मार्केट में निवेश पर कम समय में भारी मुनाफे का लालच दिया।
- 9 बार में ट्रांसफर: आरोपी महिला के झांसे में आकर जय कुमार ने अलग-अलग बैंक खातों में 9 बार में कुल 8 लाख 70 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
- मुनाफा मांगने पर खुला राज: जब उन्होंने अपनी निवेश की गई रकम और मुनाफा निकालना चाहा, तो ठगों ने और रुपयों की मांग की। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस और साइबर सेल में शिकायत की।
- शेल कंपनियों के खाते: पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की यह रकम बैंक ऑफ इंडिया, बंधन बैंक और स्मॉल फाइनेंस बैंक के खातों में गई है। ये खाते ‘हिंदूस ट्रेडर्स’, ‘एम इंटरप्राइजेस’, ‘कलिता इंटरप्राइजेस’, और ‘सोहन वुडन कार्ड’ जैसे नामों से संचालित हो रहे थे।
दूसरा मामला: राजेंद्र नगर (रिचार्ज के दौरान खाते से कटे रुपए)
चोइथराम मंडी के पास राजरानी नगर निवासी करण कोटिया के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। करण जब काम से घर लौटे और पत्नी मनीषा के मोबाइल का रिचार्ज कराने लगे, तो बैंक खाते में पर्याप्त बैलेंस न होने का संदेश मिला।
- 51 हजार रुपए साफ: जब उन्होंने बैंक की वेबसाइट पर जाकर खाते का विवरण चेक किया, तो पता चला कि उनके खाते से करीब 51 हजार रुपए कट चुके हैं।
- शिकायत दर्ज: पीड़ित ने तुरंत बैंक में शिकायत करने के साथ साइबर हेल्पलाइन पर भी सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है।




