भोपाल: टीटी नगर इलाके की बंगाली कॉलोनी में टीवी चैनल देखने को लेकर हुए विवाद के बाद 14 वर्षीय छात्र ने फांसी लगा ली। घटना रविवार की है, जब नौवीं कक्षा का छात्र दक्ष मौर्य (14) अपनी बड़ी बहन से पसंद का चैनल देखने की बात पर उलझ गया था।
विवाद के बाद बहन छत पर चली गई और दक्ष अपने कमरे में गया, जहां उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। कुछ देर बाद जब बहन लौटी तो उसे दक्ष फंदे पर लटका मिला। माता-पिता उस समय अपने काम (पिता कपड़े की दुकान और मां घरेलू काम) पर गए हुए थे।
पड़ोसियों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई दिनों तक चले इलाज के बाद गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। टीटी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।



