इंदौर के बाणगंगा स्थित एक फैक्ट्री से 600 किलो कॉपर वायर और पार्टस चोरी हो गए। फैक्ट्री मालिक ने सोमवार को थाने आकर मामले की शिकायत की। कुछ दिन पहले भी इसी इलाके की एक फैक्ट्री में चोरी की वारदात हुई थी। पुलिस ने दोनों वारदातों में एक ही गैंग का हाथ होने की संभावना जताई है।
बाणगंगा पुलिस ने नवनीत जैन की शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है। नवनीत ने बताया कि उनकी सांवेर रोड सी सेक्टर में बी मेटल मेन के नाम से फैक्ट्री है। रविवार रात वह फैक्ट्री बंद करवाकर अपने घर गए। सोमवार सुबह उन्हें फैक्ट्री में चोरी होने के बारे में पता चला। बदमाश पीछे के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और उन्होंने यहां से कॉपर वायर और अन्य पार्टस पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस ने सोमवार शाम मामले में अज्ञात बदमाशों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस को इस वारदात के फुटेज मिले हैं। जिसमें दो चोर नजर आ रहे हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।




