भोपाल के गौतम नगर में साढ़े चार लाख की नकदी सहित तीस लाख रुपए के जेवरात चोरी करने वाली महिलाओं के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। महिलाओं ने शुक्रवार सुबह स्कूल संचालक के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी महिलाओं की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
पुलिस की जांच में साफ हुआ कि फरियादी ने बिना किसी वैरिफिकेशन के महिलाओं को घर के काम के लिए रख लिया था। नौकरी मिलने के महज दो दिन बाद ही आरोपी महिलाओं ने चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

फरियादी राजकुमार शिवनानी (45), निवासी संत कुवर राम कॉलोनी डीआईजी बंगला में रहते हैं। टीला जमालपुरा इलाके में वे सनशाइन पब्लिक स्कूल का संचालन करते हैं। इसी स्कूल में उनकी पत्नी प्रिंसिपल हैं। उन्होंने दो दिन पहले बुधवार को ही नीलम और पूनम नाम की दो महिलाओं को घरेलू काम के लिए रखा था।
वारदात के समय स्कूल गए हुए थे
शुक्रवार सुबह राजकुमार स्कूल चले गए थे, उस समय घर पर उनकी 85 वर्षीय मां अकेली थीं। इसी दौरान एक नौकरानी ने बुजुर्ग महिला को बातचीत में उलझाए रखा, जबकि दूसरी नौकरानी ने अलमारी में रखे पांच लाख रुपए नकद और करीब 30 लाख रुपए के सोने के जेवरात निकाल लिए।

घर लौटने के बाद चोरी का पता लगा
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौका पाकर घर से फरार हो गईं। शाम को स्कूल से लौटे राजकुमार को चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जांच में सामने आया कि आरोपियों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उनकी पहचान शुरू कर दी है और दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फरियादी बोले- बिना वेरिफिकेशन नौकरानी रखना भारी पड़ा
फरियादी राजकुमार ने स्वीकार किया कि नौकरानियों को काम पर रखने से पहले उनकी कोई तहकीकात नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि यह हमारी भी गलती रही कि बिना जांच-पड़ताल के दोनों को घर में रख लिया। दोनों महिलाओं तीन दिन पहले कॉलोनी में काम की तलाश में भटक रही थीं। तब कॉलोनी के तीन परिवारों ने उन्हें बिना किसी वेरिफिकेशन के काम पर रख लिया।