चंदननगर थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मानव तस्करी का केस दर्ज किया है। आरोपित बीए की छात्रा को काम (वेटर) के लिए राजस्थान ले गए और ढाई लाख रुपये में सौदा कर दिया। रविवार को स्वजन ने थाने में पूरी घटना बताई और प्रकरण दर्ज करवाया।
डीसीपी जोन-4 राजेश कुमारसिंह के मुताबिक गांधी पैलेस निवासी छात्रा पढ़ाई के साथ काम भी करने जाती थी। 8 फरवरी को वह काम के लिए उज्जैन गई थी। मोबाइल बंद आने पर स्वजन थाने पहुंचे और उसकी गुमशुदगी दर्ज करवा दी। स्वजन ने बताया कि गुम युवती असोड़ा लोहारिया बांसवाड़ा राजस्थान में अभिषेक के पास है। उसने स्वजन को कॉल कर बताया कि अभिषेक ने उसे खरीदा है और वह परेशान भी कर रहा है। पुलिस ने युवती के बयान लिए तो बताया अंकित निवासी बोरिया, सरोज उर्फ ईशू निवासी उज्जैन, समरथ पाटीदार निवासी इंदौरा ने ढाई लाख रुपये में अभिषेक पुत्र भूरालाल पाटीदार को बेचा है।
वर्क फ्राम होम का झांसा देकर छात्रा से 1.64 लाख ठगे
इंदौर। तिरुपति पैलेस कालोनी निवासी एमबीए छात्रा से वर्क फ्राम होम का झांसा देकर दो बदमाशों ने एक लाख 64 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस के मुताबिक छात्रा कोरोना के कारण पिछले वर्ष इंटरनेट के माध्यम से वर्क फ्राम होम की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 23 अगस्त को अमेजन माल और फ्लिपकार्ट के नाम से वाट्सएप पर मैसेज आया। आरोपित ने टेलीग्राम नंबर साझा किए और एक लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन करने की सलाह दी। आरोपित ने आनलाइन काम समझाकर कहा कि 200 रुपये का रिचार्ज कर टास्क पूरा करना होगा। इसके बाद 370 रुपये मिलेंगे। पहली बार में रुपये खाते में आ गए और छात्रा ने विश्वास कर लिया। इसके बाद आरोपित अलग-अलग तरकीब से रुपये जमा करवाते गए और छात्रा से 1 लाख 64 हजार रुपये ठग लिए। डीसीपी जोन-2 संपत उपाध्याय को शिकायत की और शनिवार रात आरोपितों पर केस दर्ज किया गया।




