भोपाल | राजधानी के बागसेवनिया इलाके में पुलिस ने अवैध सट्टे के खिलाफ एक बड़ी स्ट्राइक की है। अमराई स्थित यूसी प्लांट के सामने एक सुनसान खंडहर में चल रहे सट्टे के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने सात सटोरियों को रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से ₹53,500 नकद और बड़ी मात्रा में सट्टा पर्चियां बरामद की गई हैं।
घेराबंदी कर दबोचा, भागने का मौका नहीं मिला
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 16 फरवरी की शाम खंडहर परिसर को चारों तरफ से घेर लिया। अंदर बैठे आरोपी सट्टा पर्चियों पर अंक लिखने और दांव लगाने में मशगूल थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम नगरी (26), सिद्धार्थ ब्राह्मणे (52), शंकर पनघंडिया (29), राकेश नामदेव (28), संजय कोतकर (54), विक्की नगरी (28) और दीपेश जाटव (25) शामिल हैं। ये सभी बागसेवनिया और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
बरामदगी और जांच
- नकद: ₹53,500 (विभिन्न आरोपियों से जब्त)
- सामग्री: सट्टा पर्चियां, पेन और हिसाब-किताब के दस्तावेज।
- धाराएं: जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज।
पुलिस के अनुसार, यह एक संगठित नेटवर्क की तरह काम कर रहा था। अब जांच इस बात की हो रही है कि इस खेल का मुख्य सरगना कौन है और यह सिंडिकेट शहर में और कहां-कहां सक्रिय है।




