बिछिया (मंडला)। मंडला जिले की बिछिया पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महज शक और अंधविश्वास के चलते एक शख्स ने अपने ही परिचित की नृशंस हत्या कर दी।
नहर के पास मिला था शव
बीती 1 मई को ग्राम फोक हलोन नहर के पास एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस तफ्तीश में मृतक की शिनाख्त ग्राम कुडैला निवासी संतु उईके (50 वर्ष) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बारीकी से जांच शुरू की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जादू-टोने का शक बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी सखरु उईके (47 वर्ष) को शक था कि संतु उस पर जादू-टोना करता है। इसी रंजिश में 30 अप्रैल की रात आरोपी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर हलोन नहर के पास ले गया। वहां सखरु ने पहले पत्थर से संतु पर हमला किया और फिर उसे नहर में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी सलाखों के पीछे
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सखरु को 4 मई को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को 5 मई को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।




