भोपाल। राजधानी की गौतम नगर थाना पुलिस ने चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई 10 रेलवे मोटर और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
वर्कशॉप की जाली तोड़कर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, बीती 28 अप्रैल की रात कृष्णा कॉलोनी निवासी मुसब्बिर यार खान की काली परेड स्थित वर्कशॉप से अज्ञात चोरों ने रोशनी वाली जाली तोड़कर रेलवे की 10 मोटरें पार कर दी थीं। वहीं, एक अन्य मामले में सूर्या नगर निवासी शेख जावेद की बाइक ग्रीन सिटी अस्पताल की पार्किंग से चोरी हुई थी। पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर अटल अय्यूब नगर से चार आरोपियों—रहवर, सचिन, राहुल और भूपेंद्र को हिरासत में लिया। पूछताछ में इन्होंने वर्कशॉप में चोरी करना स्वीकार किया। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने रेशम केंद्र के पास से अलमास नामक आरोपी को चोरी की बाइक के साथ दबोचा।
इनका रहा विशेष योगदान
इस सफलता में एसआई अजय यादव, सउनि झागरिया झां, गौरी खान, जुबेर खान और प्रधान आरक्षक चंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस पकड़े गए आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।



