इंदौर। शहर में जारी भीषण गर्मी के बीच अब पानी की किल्लत खूनी संघर्ष में बदलने लगी है। ताजा मामला विजयनगर थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 54 का है, जहां सरकारी नल से पानी भरने की मामूली बात पर दो पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष का आरोप: पानी भरने से रोका, महिला से की मारपीट
पुलिस के अनुसार, स्कीम नंबर 54 में रहने वाली राधा पंचोली ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने घर के पास लगे सरकारी नल से पानी भरने गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद मुकेश, महावीर, अतुल, हनी और अमन ने उन्हें पानी भरने से मना कर दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट और झूमाझटकी की।
दूसरे पक्ष का आरोप: हमारे नल से जबरन भर रहे थे पानी
वहीं, दूसरे पक्ष के धर्मवीर प्रजापत ने भी पुलिस में जवाबी शिकायत दर्ज कराई है। धर्मवीर का कहना है कि चेतराम और उसका परिवार उनके निजी या आवंटित नल से पानी भरने आया था। जब उन्हें दूसरे नल पर जाने को कहा गया, तो वे भड़क गए। आरोप है कि चेतराम, उसकी पत्नी राधा और अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए धर्मवीर के साथ मारपीट की।
विजयनगर थाना पुलिस के मुताबिक: दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है कि विवाद की असली शुरुआत किसने की थी।



