इंदौर। शहर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने इंडिया वन बैंक के एटीएम (ATM) को निशाना बनाते हुए उसमें जमकर तोड़फोड़ की। हालांकि, बदमाश कैश निकालने में नाकाम रहा। पूरी वारदात सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी सिर्फ बनियान पहने नजर आ रहा है। पुलिस ने बुधवार को इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
चोरी की नीयत से की तोड़फोड़
तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार, सुदामा नगर निवासी अमित बोहती की शिकायत पर नायता मुडला स्थित एटीएम में हुई इस तोड़फोड़ का केस दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के इरादे से ही अंदर घुसा था। उसने एटीएम मशीन की वायरिंग, डोर हैंडल, कैमरे और लॉक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि वह लॉकर नहीं तोड़ पाया और कैश सुरक्षित बच गया।
महीनेभर पहले भी की थी ऐसी ही कोशिश
थाना प्रभारी (TI) देवेंद्र मरकाम ने बताया कि करीब एक महीने पहले असरावद खुर्द इलाके में भी इसी कंपनी के एटीएम में चोरी की कोशिश हुई थी।
खास बात: उस वारदात के सीसीटीवी फुटेज में भी हूबहू ऐसा ही बनियान पहने हुए एक संदिग्ध दिखाई दिया था।
पुलिस का मानना है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही शातिर बदमाश का हाथ है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है, पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




