इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र के जैन मंदिर में हुई चोरी की बड़ी वारदात में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। एरोड्रम और तेजाजी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तेलंगाना के नांदेड़ से लखन, दीपक चौहान और रामबाबू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी घटना के बाद से ही लगातार राज्य बदलकर छिप रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने चोरी की गई कुछ मूर्तियां जमीन में गाड़कर छिपा रखी थीं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही 13 मई को एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस को इन आरोपियों से ही फरार साथियों और मूर्तियों के ठिकाने की जानकारी मिली थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस गिरोह के हर सदस्य तक पहुँचने में सफल रही। शेष सामान की बरामदगी के लिए फिलहाल पूछताछ जारी है।




