सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल रोड बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति ड्रग्स बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तिरुपतिपुरम निवासी सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 13.61 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये है।
महिला से भी मिली ड्रग्स
सौरभ से पूछताछ के बाद पुलिस ने शैलजा सोनी नामक महिला को भी हिरासत में लिया। उसके पास से 2.84 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत करीब 15 हजार रुपये) बरामद हुई। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, इस तस्करी के नेटवर्क में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए विशेष टीम जुटी है। पुलिस ड्रग्स की सप्लाई चेन और इसके मुख्य स्रोत का पता लगाने के लिए आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है।




